
- नहर से पानी सप्लाई बंद होने के बाद भी रॉंझी के वार्डो एवं आस-पास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को पर्याप्त मिलेगा पानी
आज भास्कर\जबलपुर। रॉंझी संभाग के वार्डो में रहने वाले नागरिकों को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने आज केन्ट क्षेत्र के विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने नगर निगम जलविभाग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में केन्ट क्षेत्र के विधायक श्री रोहाणी ने अधिकारियों से पेयजल के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नहर में सुधार कार्य के कारण नहर से पानी लेने का कार्य बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि परियट में पानी पर्याप्त मात्रा में है, जिससे सप्लाई की जा रही है। विधायक श्री रोहाणी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि नागरिकों को पेयजल की समस्या न हो उन्हें पर्याप्त मात्रा में दोनो समय पानी की आपूर्ति हो इस व्यवस्था को नियमित रूप से निगरानी करते हुए बहाल रखने के निर्देश दिये।
बैठक में एम.आई.सी. सदस्य दामोदर सोनी, मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सेंगर, गुड्डा केवट, पार्षद निशांत झरिया, अनुराग दहिया, संतोषी ठाकुर, सावित्री शाह, एवं निगम के जलविभाग के अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।