जबलपुर : गौरीघाट में गैंगवार, गैगस्टर के भाई पर अज्ञात आरोपितों ने चलाई गोलियां - Aajbhaskar

खबरे

Sunday, October 1, 2023

जबलपुर : गौरीघाट में गैंगवार, गैगस्टर के भाई पर अज्ञात आरोपितों ने चलाई गोलियां



आज भास्कर, जबलपुर :  गौरीघाट में शनिवार को सरेआम गोलियां चली। गैगस्टर विजय यादव के भाई रतन यादव पर अज्ञात हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में गोली चलाई। एक के बाद एक कई फायर हुए। हमले में रतन और उसका साथी घायल हो गया। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इधर आरोपित हमलावर हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। गोली चलाने वाले अज्ञात आरोपित एक बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटर साइकिल में सवार होकर आए थे।

थाना प्रभारी नेहरू खंडाते ने बताया कि घटना करीब 3.30 बजे हुई। रतन यादव अपने साथी शुभम समथ के साथ खारीघाट नर्मदा दर्शन करने आया था। नर्मदा दर्शन के बाद रतन बाइक पर वापस लौट रहा था। वह गौरीघाट के आगे पहुंचा ही था कि पीछे से एक बाइक सवार तीन युवक आए और गोली चलाना शुरू कर दिया। एक के बाद एक छह फायर हुए। गोली कुछ दूर से चलने की वजह से बाइक पर जा रहे रतन यादव की कमर और पीठ में गोली के छर्रे जा घंसे। वहीं बाइक चल रहे रतन यादव के दोस्त शुभम को जांघ में गोली लगी। इस घटना से आसपास दहशत का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर बदहवास होकर भागने लगे। हमलावर भी हवाई फायर करते हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हमला करने वाले अज्ञात तीन युवक थे। जो बिना नंबर की पल्सर गाड़ी में सवार होकर आए थे। ये रेत नाका से गोरखपुर की तरफ घटना को अंजाम देने के बाद भाग गए।

थाना प्रभारी नेहरू खंडाते ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस को घटना स्थल पर छह खाली खोखे मिले हैं। गोली 32 बोर की पिस्टल से चलाई गई थी। उनके अनुसार रतन यादव और उसका साथी गोली लगने से घायल है।