प्रत्येक वार्ड में 20 से 25 सम्पत्तियों को प्रतिदिन रिकार्ड में दर्ज करने अधिकारियों को राजस्व प्रभारी डॉं. सुभाष तिवारी ने दिये निर्देश
आज भास्कर \जबलपुर। नगर निगम द्वारा सम्पत्तिकर बढ़ाने की दृष्टि से पूर्व में जी.आई.एस. के माध्यम से सभी वार्डो का घर-घर जाकर सर्वे किया गया था। जिसके संबंध में आज एम.आई.सी. सदस्य एवं राजस्व प्रभारी डॉं. सुभाष तिवारी ने अपर आयुक्त श्रीमती अंजू सिंह के साथ संभाग क्रमांक 15 सुहागी पहुॅंचकर संभाग क्रमांक 15 एवं 7 के संभागीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षक के साथ बैठक की। बैठक में राजस्व प्रभारी डॉं. सुभाष तिवारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जी.आई.एस. सर्वे के डाटा को कम्प्यूटर रिकार्ड में दर्ज करें, जिससे सम्पत्तिकर की राशि बढ़ाई जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि सर्वे के जो रजिस्टर उपलब्ध कराये गए हैं उनका सूक्ष्म रूप से परीक्षण कर प्रतिदिन प्रत्येक वार्ड में 20 से 25 सम्पत्तियों को कम्प्यूटर रिकार्ड में दर्ज करें। बैठक में संभागीय अधिकारी संतोष अग्रवाल, राजस्व निरीक्षक शिरीष उपाध्याय एवं समस्त सहायक राजस्व निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।