- राजस्व वसूली के लिए निगमायुक्त प्रीति यादव ने दिखाई सख्ती : बकायदारों के विरूद्ध भवन कुर्क करने की कि गई कार्रवाई
- संभागों में 23 बड़े बकायादारों की सम्पत्तियॉं हुई कुर्क : 3 दिन के अंदर बकाया करों की राशि जमा नहीं करने पर सम्पत्तियॉं होगीं नीलाम - निगमायुक्त
- तन्हाई बार एण्ड रेस्टोरेन्ट को भी किया गया कुर्क - बकाया राशि जमा करने 3 दिन का नोटिस जारी
- संभाग क्रमांक 7, 8, 10, 13 और 15 में हुई कुर्की की कार्रवाई : यह कार्रवाई आगे भी लगातार रहेगी जारी
- बकायादारों से बकाया करों की राशि जमा कर निगम की अप्रिय कार्रवाई से बचने निगमायुक्त प्रीति यादव की अपील
आज भास्कर,जबलपुर। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव द्वारा दिखाई गई सख्ती के उपरांत राजस्व वसूली अभियान में धीरे धीरे तेजी आने लगी है। राजस्व अमले के साथ-साथ नगर निगम के अपर आयुक्त आर.पी. मिश्रा, व्ही.एन. बाजपेयी, प्रशांत गोटिया, श्रीमती अंजू सिंह, मनोज श्रीवास्तव के अलावा अन्य सभी उपायुक्त, सहायक आयुक्त, विभागीय प्रमुखों एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी भी बकाया करों की राशि वसूलने मैदान में उतर आये हैं।
जिसके परिणाम स्वरूप आज बड़े बकायादारों के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 23 करदाताओं की सम्पत्तियॉं अलग अलग संभागों के अंतर्गत कुर्क की गई है। भवनों को कुर्क करने के साथ-साथ बकायादारों को 24 घंटे का नोटिस जारी कर कहा गया है कि 24 घंटे के अंदर समस्त बकाया करों की राशि जमा करें अन्यथा वैधानिक प्रक्रियाओं को पूर्ण कराते हुए कुर्क सम्पत्तियों को नीलाम करने की कार्रवाई की जायेगी। अपर आयुक्त श्रीमती अंजू सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संभाग 13 अंतर्गत स्वामी दयानंद सरस्वती वार्ड में वसूली की कार्यवाही की गई। इस मौके पर गोपीबाई उर्फ शांतिबाई चौधरी पर 8 लाख 81 हजार 2 सौ 80 रुपये की राशि बकाया एवं सरदार रजिन्दर सिंह (तन्हाई बार एण्ड रेस्टोरेन्ट) पर 5 लाख 18 हजार 5 सौ 58 रुपये की राशि बकाया होने पर कुर्की की कार्रवाई की गई और संबंधितों को 3 दिन की अंतिम सूचना भी दी गई है। बकाया राशि जमा न होने की स्थिति में उक्त संपत्ति की कुर्की एवं नीलामी की कार्यवाही की जावेगी।
उन्होंने बताया कि निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार अब कुर्की की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आज संभाग क्रमांक 7, 8, 10, 13, और 15 के अंतर्गत वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उक्त सभी संभागीय अधिकारियों एवं राजस्व निरीक्षकों के द्वारा कुर्की की कार्रवाई की गई। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने सभी बकायादारों से अपील की है कि समस्त बकाया करों की राशि निगम में जमा कर निगम प्रशासन की अप्रिय कार्यवाही से बचें और लगने वाले अधिभार से भी बचें। कार्रवाई के दौरान संभागीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक, राजस्व लिपिक एवं नोटिस सर्वर आदि उपस्थिति रहे।