व्यापार में लाभ दिलाने का झांसा देकर हड़प लिए 12 लोगों से डेढ़ करोड़ रुपये - Aajbhaskar

खबरे

Thursday, June 13, 2024

व्यापार में लाभ दिलाने का झांसा देकर हड़प लिए 12 लोगों से डेढ़ करोड़ रुपये


आज भास्कर , जबलपुर: पनागर थाना क्षेत्र में एक युवक ने व्यापार में साझेदार बनाकर लाभ दिलाने का झांसा देकर 12 लोगों से कुल एक करोड़ 58 लाख 60 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित युवक विद्यासागर वार्ड फुहारा चौक निवासी मुकुल जैन-26 वर्ष के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रुपये वापस मांगे तो स्वयं के हस्ताक्षरित बैंक चेक प्रदान किया

पुलिस के अनुसार मुकुल जैन की विद्यासागर वार्ड में मुकुल ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। उसने व्यापार में लाभ दिलाने का झांसा देकर पनागर और जबलपुर में रहने वाले 12 लोगों से अलग-अलग रुपये लिए थे। कुछ समय बाद जब रुपये वापस मांगे गए तो मुकुल ने उन्हें स्वयं के हस्ताक्षरित बैंक चेक प्रदान किया। यह चेक बैंक में अनादरित हो गए। सभी से कुल एक करोड़ 58 लाख 60 हजार रुपये लेने के बाद धोखाधड़ी करते हुए हड़प लिए हैं।

आरोपित को दबोचने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही

आरोपित के विरुद्ध भादंवि की धारा 420, 406 का मामला पंजीबद्ध किया गया है। विवेचना और आरोपित की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक शेषनारायण, उप निरीक्षक मयंक यादव, उप निरीक्षक रवि सिंह परिहार, आरक्षक देशपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इनसे लिए डेढ़ करोड़ रुपये हड़पे

पुलिस के अनुसार मुकुल ट्रेडर्स के संचालक मुकुल जैन ने झांसा देकर पनागर निवासी शुभम खजांची से 13 लाख, उसके पिता राजेश कुमार जैन से 17 लाख, हरिशंकर दुबे से नौ लाख, सनत जैन से तीन लाख, रुपेश जैन से 16 लाख, अरिहंत जैन से 10 लाख 75 हजार, अभिषेक मोदी से 10 लाख, रवि कुमार से आठ लाख 50 हजार, राजीव चौधरी से पांच लाख, वर्षा जैन से 55 लाख, ऋषि जैन से तीन लाख, ऋषभ जैन से छह लाख और अजय प्रजापति से दो लाख 40 हजार रुपये लिए हैं।