
प्रसिद्ध पाकिस्तानी गायक राहत फतेह अली खान को दुबई एयरपोर्ट पर सोमवार, 22 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी उनके पूर्व मैनेजर सलमान अहमद की शिकायत के बाद की गई है। हालांकि, देर शाम तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
इसी बीच, एक वीडियो सामने आई है जिसमें राहत फतेह अली खान ने अपनी गिरफ्तारी की बात को नकारा है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर ऐसा नहीं कहा, लेकिन उन्होंने गिरफ्तारी की बात को नजरअंदाज करते हुए कहा कि वह दुबई में अपने गाने रिकॉर्ड करने के लिए आए हुए हैं और सब कुछ ठीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें। राहत ने कहा, "ऐसा कुछ भी नहीं है, जैसा दुश्मन सोच रहे हैं। मैं जल्द ही अपने वतन लौटूंगा और आपको नए गाने से सरप्राइज करूंगा।"
रिपोर्टों के अनुसार, पहले उन्हें प्लेन पर चढ़ने से रोका गया, फिर उन्हें हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि राहत फतेह अली खान को बुर्ज दुबई पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया था। राहत दुबई में विभिन्न संगीत कार्यक्रमों में प्रदर्शन करने के लिए आए थे।
गौरतलब है कि राहत अपने पूर्व मैनेजर सलमान अहमद के साथ चल रहे तनाव के कारण विवादों में घिरे हुए हैं। सलमान अहमद ने राहत के खिलाफ दुबई और अन्य शहरों में कानूनी मामले दायर किए हैं।