महिला ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, पति व जेठ का मर्डर - Aajbhaskar

खबरे

Tuesday, January 2, 2024

महिला ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, पति व जेठ का मर्डर


आज भास्कर,मध्य प्रदेश  :  उज्जैन जिले से एक बड़ी खबर मिली है। नव वर्ष के पहले दिन ही सोमवार को एक महिला ने देशी पिस्तौल उठाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और अपने पति तथा जेठ को मौत के घाट उतार दिया। घटना के पीछे खेत और जमीन का विवाद प्राथमिक तौर पर पुलिस ने बताया है। हालांकि जिस तरह से महिला ने संगीन वारदात को अंजाम दिया है, यह बिना किसी योजना के संभव होना प्रतीत नहीं होती है। महिला के पास देसी पिस्टल कहां से पहुंची और वास्तव में घटना के पीछे का कारण क्या है? यह सवाल पुलिस की कंप्लीट तहकीकात के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ कर रही है। पति तथा जेठ की लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि बड़नगर के समीप इंगोरिया में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। पारिवारिक विवाद के चलते आगनवाड़ी कार्यकर्ता 36 वर्षीय सविता नामक एक महिला ने अपने पति राधेश्याम और जेठ धीरज पर कट्टे से फायर कर दिया। इससे पति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जेठ को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार सविता नाम की महिला का खेत, जमीन को लेकर उसके पति, जेठ से विवाद हुआ। इसके बाद उसने घर में रखी देसी कट्टे से दोनों पर फायर कर दिए। वारदात के बाद महिला ने कट्टे सहित थाने पर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने हथियार जब्त कर महिला को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।