सेना पर सियासत कांग्रेस का शर्मनाक चेहरा, भाजपा विकास और विरासत को समृद्ध करने में सक्षम - Aajbhaskar

खबरे

Tuesday, October 24, 2023

सेना पर सियासत कांग्रेस का शर्मनाक चेहरा, भाजपा विकास और विरासत को समृद्ध करने में सक्षम



  • कोरोना में पूरी दुनिया को भारत ने मदद भेजी
  • हर युग में अन्याय पर न्याय की जीत हुई
  • नरसिंहपुर विधानसभा के सिंहपुर ग्राम में कांग्रेस पर बरसे प्रहलाद, बोले, पीएम मोदी ने भारत की शक्ति को जागृत किया

आज भास्कर ,नरसिंहपुर। भाजपा के दिग्गज और केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटैल ने आज कहा कि कांग्रेस का चरित्र विश्वसनीय नहीं है। खुद को देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस जब सेना के पराक्रम पर सियासत करती है तो चेहरा उजागर होता है। सेना के जवानों का राजनीति से क्या वास्ता है मगर कांग्रेस ने ये कुत्सित प्रयास भी किए। ये अलग बात है कि कांग्रेसी सफल नहीं हुये और न कभी सफल होंगे। श्री पटैल आज नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय मंत्री पटैल इसी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हैं। जनसभा में राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, विधायक जालम सिंह पटैल, विधानसभा प्रभारी महंत प्रीतमपुरी, राधेश्याम नेमा, अनंत दुबे, पूर्व मंडी अध्यक्ष रवींद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


पीएम मोदी और हमारी विरासत

केन्द्रीय मंत्री श्री पटैल ने कहा कि भारत की विरासत रही है कि भले हम स्वयं भूखे हों, लेकिन हम दूसरों के लिए भोजन का इंतजाम करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद हमने इस परंपरा का प्रतिबद्धता के साथ पालन किया है। कोरोना के वक्त भारत ने डेढ़ सौ देशों को दवाईयां और अन्य उपकरण भेजें हैं, जबकि उस दौर में खुद भारत को दवाओं की आवश्यकता थी। भाजपा के होते हुये देश के विकास कार्यक्रम और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने की गति एक साथ चल सकती है। कांग्रेस ने तो राम मंदिर और राम सेतु दोनों को नकार दिया था। भाजपा ने रामसेतु का जब प्रमाण दिया तो कांग्रेसियों से जवाब देते नहीं बना। संपूर्ण विकास के लिए आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक तीनों प्रकार के आत्मविश्वास की आवश्यकता है और पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अपने इस अभियान में पल-प्रतिपल आगे बढ़ रहे हैं।


अन्याय पर न्याय की विजय होगी

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विजयादशमी का पर्व अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। चुनाव में भी देश विरोधी ताकतों को सबक सिखाकर देश का मान बढ़ाने वालों को जिताना होगा। उन्होंने कहा कि हम दीपावली का पूजन करते वक्त माता लक्ष्मी को कमल का पुष्प अर्पित करेंगे, ठीक उसी तरह 17 नवम्बर को भारत माता की सेवा करने प्रेरणा देने के लिये कमल का बटन दबाना होगा। कार्यकर्ता भाजपा सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएं और समर्थन मांगें।

मातृशक्ति को नमन...

केन्द्रीय मंत्री पटैल ने कहा कि पहले कभी सभाओं में मातृशक्ति की उपस्थिति इतनी नहीं थी, जितनी अब है। श्री पटैल ने मातृशक्ति के आगमन और आशीर्वाद के लिये भाजपा की ओर से उनको नमन किया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति मुखर होगी तभी भारत विश्वगुरु के शिखर को स्पर्श कर सकेगा। उन्होंने कहा कि हम वोट मांगने आपके समक्ष आए हैं, क्योंकि भाजपा को विकास के संकल्प को पूर्ण करना है।